शामली
एक लाख के इनामी को मुठभेड़ में किया था ढेर, सोशल वर्करों ने किया सम्मानित
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार लगातार कर रहे हैं पुलिस का इकबाल बुलंद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कांधला पुलिस ने अपराध की दुनिया में खौफ का पर्याय बने एक लाख के इनामी बदमाश को एनकाउंटर में ढेर कर क्षेत्र को बड़ी राहत दिलाई थी। इस ऐतिहासिक सफलता के बाद सामाजिक संगठनों और सोशल वर्करों में भी पुलिस के प्रति सम्मान और विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। इसी कड़ी में रविवार को सोशल वर्करों की टीम ने थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार को बुके भेंट कर सम्मानित किया।
18 अक्टूबर की वह सुबह कांधला के लिए सुकून और सुरक्षा का संदेश लेकर आई, जब मोहल्ला खेल का कुख्यात अपराधी नफीस पुत्र मूंदा हमेशा-हमेशा के लिए अतीत बन गया। हत्या, लूट, जानलेवा हमले और नकली नोटों की तस्करी जैसे 34 से अधिक संगीन अपराधों में वांछित यह बदमाश लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। एक लाख रुपये का इनाम घोषित होने के बावजूद नफीस कानून को ठेंगा दिखाता रहा, लेकिन आखिरकार पुलिस की सतर्कता, रणनीति और साहस के आगे उसकी एक न चली। यह कोई फिल्मी कहानी नहीं, बल्कि कांधला और कैराना पुलिस की जांबाज़ी का जीवंत उदाहरण है। कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार और कैराना कोतवाली प्रभारी समय पाल अत्री के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अपनी जान जोखिम में डालकर इस दुर्दांत अपराधी का अंत किया और समाज को खौफ से मुक्त कराया था। इस बहादुरी और उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए एडीजी मेरठ भानु भास्कर ने दोनों अधिकारियों की पीठ थपथपाते हुए उन्हें सम्मानित भी किया। रविवार को इसी सफलता पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े सोशल वर्कर डॉ. मुजक्किर, अनस और उनकी टीम ने थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार को बुके देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कांधला पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने सम्मान के लिए सोशल वर्करों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस का उद्देश्य जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और कांधला को अपराध मुक्त बनाना पुलिस की प्राथमिकता है। कांधला पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने यह साफ संदेश दे दिया है कि अपराध चाहे जितना बड़ा हो, कानून से ऊपर कोई नहीं। जनता और पुलिस के आपसी सहयोग से ही एक सुरक्षित और भयमुक्त समाज का निर्माण संभव है।


