शामली
सड़क के गड्ढे में पलटी ई-रिक्शा, चालक घायल,हादसा टला

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कांधला। कस्बे के गंगेरू मार्ग पर सड़क में बने गड्ढे के कारण एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि ई-रिक्शा में कोई सवारी नहीं थी और उसमें केवल सामान भरा हुआ था, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। आसपास मौजूद लोगों ने चालक को बाहर निकालकर ई-रिक्शा को सीधा कराया।मंगलवार को थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी रामा अपनी ई-रिक्शा में सामान लेकर गांव जा रहा था। जैसे ही वह गंगेरू मार्ग स्थित सहारा हॉस्पिटल के निकट पहुंचा तो सड़क पर बने गहरे गड्ढे में ई-रिक्शा का पहिया गिर जाने से चालक का संतुलन बिगड़ गया और ई-रिक्शा सड़क पर पलट गई।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने ई-रिक्शा चालक को बाहर निकाला। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, जिसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।आसपास दुकानदारों का कहना है कि गंगेरू मार्ग पर सड़क की हालत काफी खराब है और गड्ढों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है।



