
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र के कमालपुर गांव में गुरुवार को बाबा गोरखनाथ पांच दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि मैनपाल सिंह ऊदपुर ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उद्घाटन मुकाबले में खोडसमा और ततारपुर की टीमों के बीच रोमांचक मैच खेला गया, जिसमें खोडसमा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम की।
टूर्नामेंट आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में सभी मुकाबले आठ-आठ ओवर के खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के विजेता को 21 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। पहले दिन खेले गए मुकाबले में ततारपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित आठ ओवर में 40 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी खोडसमा की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए बिना कोई विकेट गंवाए जीत हासिल कर ली।
मैच में खोडसमा के खिलाड़ी अंकित ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो ओवर में मात्र नौ रन देकर तीन विकेट झटके। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि मैनपाल सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का आधार बताया तथा खेल भावना से प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य अंकुश मुखिया, गौरव, कार्तिक, कमल प्रधान, अमित कपिल, राहुल संसारवाल, कुलदीप, सुखपाल, अनुज, मोहित, सागर, आर्यन और पंकज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।


