शामली
108 एंबुलेंस की तत्परता से बची वृद्ध महिला की जान, परिजनों ने की सराहना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव सुन्ना निवासी एक वृद्ध महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के कर्मचारी मात्र कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गए और वृद्ध महिला को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।एंबुलेंस में ले जाते समय महिला की हालत और अधिक बिगड़ने लगी। इस दौरान एंबुलेंस चालक संदीप तथा ईएमटी अभिषेक तोमर ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस में उपलब्ध ऑक्सीजन व अन्य आवश्यक चिकित्सीय उपकरणों की सहायता से प्राथमिक उपचार दिया, जिससे महिला की जान बचाई जा सकी। इसके बाद महिला को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।ईएमटी अभिषेक तोमर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव सुन्ना निवासी वृद्ध महिला सेवी पत्नी हरिकिशन की तबीयत अचानक खराब हो गई है। सूचना मिलते ही टीम निर्धारित समय से पहले मौके पर पहुंची और समय रहते उपचार देकर महिला की जान बचाने में सफलता मिली।वहीं, वृद्ध महिला के परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों की तत्परता, सेवा भावना और मानवीय संवेदना की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।


