अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के साथ किया गया व्यवहार अत्यंत निंदनीय, ओमप्रकाश शर्मा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। गुरुवार को कैंप कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस पार्टी के सहारनपुर को-ऑर्डिनेटर ओमप्रकाश शर्मा ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के साथ किया गया व्यवहार अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करती है।
ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि शंकराचार्य द्वारा पूर्व में भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की जा रही थी, जिससे सरकार क्षुब्ध थी। इसी नाराजगी के चलते शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को स्नान करने से रोके जाने जैसी घटना सामने आई, जो न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के भी विपरीत है। उन्होंने कहा कि देश में संत-महात्माओं का सदैव सम्मान रहा है और किसी भी सरकार को इस प्रकार का व्यवहार शोभा नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार असहमति की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है और यह रवैया लोकतंत्र के लिए घातक है। कांग्रेस पार्टी ऐसे किसी भी कृत्य को स्वीकार नहीं करेगी और जनता के बीच जाकर सच्चाई को सामने लाने का काम करेगी। पूर्व नगर अध्यक्ष वैभव गर्ग ने कहा कि प्रयागराज माघ मेले में दुर्घ्व्यवहार के बाद ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को नोटिस दिए जाना गंभीर विषय है। उन्होने आपत्ति जताते हुए इसे हिंदू धर्म पर हमला करार दिया है। पार्टी ने कहा है कि भाजपा सरकार द्वारा आधी रात को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को नोटिस भेजकर यह कहना कि वह उन्हें शंकराचार्य नहीं मानती यह घमंड की पराकाष्ठा है। इस अवसर पर वैभव गर्ग, बाबूखान, प्रवीण तरार, श्रीपाल सिंह, आदेश कश्यप, मास्टर नरेंद्र सिंह, रविंद्र आर्य, रामपाल पांचाल सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
