सिंगरौली
दिल्ली पब्लिक स्कूल, निगाही में गणतंत्र दिवस पर बड़ी चूक — तिरंगा उल्टा फहराया गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्व पर देशभर में तिरंगे के सम्मान में हर सिर झुकता है, वहीं दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), निगाही में एक गंभीर और शर्मनाक लापरवाही सामने आई। गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा उल्टा फहराया गया, जिससे न केवल राष्ट्रीय भावनाएँ आहत हुईं बल्कि स्कूल प्रशासन की गंभीर लापरवाही भी उजागर हो गई।
विद्यालय जिसे “शिक्षा का मंदिर” कहा जाता है, वहाँ इस तरह की चूक होना कई सवाल खड़े करता है।
क्या कार्यक्रम से पहले किसी जिम्मेदार ने ध्वज की स्थिति जांची नहीं?
क्या किसी शिक्षक या प्रबंधन सदस्य ने यह नहीं देखा कि तिरंगा सही ढंग से फहराया गया है या नहीं?प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान काफी देर तक तिरंगा उल्टी स्थिति में रहा, लेकिन किसी ने उसे तुरंत ठीक करने की कोशिश तक नहीं की। यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि राष्ट्रीय सम्मान का अपमान भी माना जाता है।
अभिभावकों और नागरिकों में नाराजगी
घटना सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब बच्चे स्कूल में देशभक्ति और संस्कार सीखते हैं, तो ऐसी लापरवाही उनके मन पर गलत प्रभाव डालती है।
शिक्षा विभाग और प्रशासन से कार्रवाई की मांग
लोगों ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि—
इस गंभीर चूक की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए
जिम्मेदार स्कूल प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई हो
भविष्य में ऐसी घटनाएँ न हों, इसके लिए सभी स्कूलों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएँ
राष्ट्रीय ध्वज केवल कपड़ा नहीं, बल्कि देश की अस्मिता और बलिदानों का प्रतीक है।
तिरंगे के साथ की गई यह लापरवाही पूरे शिक्षा तंत्र पर सवाल खड़े करती है।




