बयाना में गणतंत्र दिवस पर दिखा उत्साह
बच्चों ने दी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति, उत्कृष्ट कार्य करने पर 50 प्रतिभाओं का किया सम्मान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। बयाना में सोमवार को उपखंड स्तरीय 77वां गणतंत्र दिवस समारोह ऐतिहासिक बागड़ फील्ड में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी दीपक मित्तल ने राष्ट्रगान के साथ ध्वजारोहण किया। जिनके साथ पूर्व सांसद रंजीता कोली, एएसपी हरिओम कुमावत, सीओ देवेंद्र सिंह, तहसीलदार लालचंद वर्मा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम दीपक मित्तल ने कहा-सबको मिलकर विकसित भारत की संकल्पना को साकार करना होगा। अपने कार्य को पूरी निष्ठा समर्पण भाव से करें। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। कार्यक्रम में आदर्श विद्या मंदिर के छात्रों ने घोष वादन करते हुए परेड निकाली। स्कूली बच्चों ने शारीरिक व्यायाम प्रदर्शन के साथ ही देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इसके बाद बेहतर राजकीय सेवा, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए 50 लोगों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरे समय भारत माता और वंदे मातरम के जयकारे गूंजते रहे। कार्यक्रम में बीडीओ शिवसिंह, एसीबीईओ मंजू गुप्ता व रामलखन खटाना, कोतवाली एसएचओ रामगिलास गुर्जर, सदर थाना इंचार्ज शैलेन्द्र कुमार, प्रिंसिपल बबीता जैन, प्रशासनिक अधिकारी देवेन्द्र शर्मा सहित ब्लॉक स्तरीय कई अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता धर्मेंद्र सिंह और मनमोहन तिवारी ने किया। कस्बे के राजेश पायलट सी.सै. स्कूल शेरगढ़ में सरपंच संघ अध्यक्ष प्रतिनिधि दीवान शेरगढ़ आदि के आतिथ्य में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में 10वीं बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले छात्र छात्राओं का भी स्वागत सम्मान किया गया । छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। वहीं इसी तरह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश सूपा, गांधी सेवा सदन खादी समिति पर पूर्व प्रधान महेंद्र तिवारी व मंत्री राकेश गुप्ता, नगर पालिका कार्यालय पर ईओ अनीता कुशवाह, पंचायत समिति पर बीडीओ शिवसिंह, नर्सिंग कॉलेज में चेयरमैन महेंद्र तिवारी, शिवालिक सिलिका परिसर में प्रबंधक बीएन चौधरी, न्यायालय परिसर और बार एसोसिएशन सभागार में एडीजे संख्या एक सोनाली प्रशांत शर्मा, एडीजे संख्या दो प्रशांत शर्मा, बार संघ अध्यक्ष अजीत सिंह गुर्जर ने ध्वजारोहण किया। इससे पहले सुबह प्रशासन के अधिकारियों ने शहीद स्मारक, गांधी चौक, सुभाष चौक पर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके अलावा फ्यूचर चाइल्ड स्कूल, ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल, होली एंजेल्स स्कूल, अग्रसेन कन्या कॉलेज, लक्ष्मी बीएड कॉलेज आदि में भी ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।


