
शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान, आम रास्ते पर जलभराव से राहगीर परेशान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर। कस्बे के वार्ड नंबर 13 में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की लापरवाही के चलते कुंडा वाली पेयजल टंकी से ओवरफ्लो होकर निकलने वाला पानी आम रास्ते पर जमा हो रहा है। सड़क पर लगातार पानी बहने और जलभराव होने से स्थानीय निवासियों एवं राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वार्डवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता शैलेंद्र सैनी एवं कनिष्ठ अभियंता रवि गुर्जर को अवगत कराया जा चुका है। इसके अलावा राजस्थान संपर्क पोर्टल 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
वार्ड निवासी दामोदर योगी, धारा सैनी, मोहन सैनी एवं रघुनाथ सैनी सहित अन्य लोगों ने बताया कि टंकी से लगातार ओवरफ्लो होकर पानी सड़क पर फैल रहा है। इससे रास्ते पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है और लोगों को निकलने में काफी दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उपखंड अधिकारी एवं जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर पेयजल सप्लाई में कमी की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर हजारों लीटर पानी टंकी से ओवरफ्लो होकर सड़कों पर व्यर्थ बह रहा है। इसके बावजूद पानी की बर्बादी रोकने और जलभराव की समस्या का समाधान करने की दिशा में कोई प्रभावी कदम नजर नहीं आ रहा है।
वार्डवासियों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द ओवरफ्लो रोकने तथा सड़क पर जमा पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करवाने की मांग की है।

