खैरथल
महिला अधिकारिता विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर नुक्कड़ नाटक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
किशनगढ़ बास। महिला अधिकारिता विभाग द्वारा ग्राम पंचायत दौंगडा और मुसाखेड़ा में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। ग्राम साथिन सुषमा ने बताया कि किशनगढ़बास ब्लॉक के गाँव दोंगड़ा में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। जिसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जानकारी दी गई साथ ही लाडो योजना के बारे में बताया गया। इस मौके पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की शपथ भी दिलवाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय प्रधानाचार्य हरि सिंह चौधरी एवं अन्य अध्यापक एवं सरपंच गफ्फार खान, कार्यकर्ता कमलेश, कमला, संगीता, आशा सहयोगिनी अनिता, माया, एएनएम प्रभा सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे ।
सहायक निदेशक महिला अधिकारिता विभाग,खैरथल तिज़ारा के तत्वावधान में ग्राम मूसाखेड़ा स्थित श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जागरूकता बढ़ाने हेतु नुक्कड़ नाटक का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, लिंग समानता को बढ़ावा देना तथा बालिका शिक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भ्रूण हत्या, बाल विवाह, बालिका शिक्षा में भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों पर प्रभावी ढंग से प्रकाश डाला गया तथा बेटियों को सुरक्षित, शिक्षित एवं सशक्त बनाने का सशक्त संदेश दिया गया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत संवादों और अभिनय ने उपस्थित दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया।
महिला अधिकारिता विभाग की साथिन उसमलता द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को बालिकाओं से संबंधित सरकारी योजनाओं, उनके अधिकारों एवं संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।



