गोड्डा

हनवारा में 6 वर्षीय मासूम की हत्या, सौतेली मां गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
महागामा। हनवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसा में देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जहां एक 6 वर्षीय मासूम की कथित रूप से उसकी सौतेली मां द्वारा कुएं में धक्का देकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक बच्चे की पहचान मोहम्मद अमान (उम्र 6 वर्ष), पिता शेख हसन, निवासी ग्राम परसा के रूप में हुई है। बताया गया है कि अमान की सगी मां का कुछ वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। वह पांच भाई-बहनों में से एक था।
घटना की सूचना मिलते ही हनवारा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सौतेली मां लवली खातून, पति शेख हसन, को गिरफ्तार कर लिया। हनवारा थाना कांड संख्या 08/2026 के तहत दर्ज प्राथमिकी में पुलिस ने अभियुक्ता को धारा 103(1) के अंतर्गत न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्ता ने कथित रूप से अपना जुर्म स्वीकार किया है। उसने बताया कि पारिवारिक विवाद के दौरान उसने बच्चे को धक्का दे दिया, जिससे वह कुएं में गिर गया और उसकी मौत हो गई। यह भी जानकारी मिली है कि महिला पहले गर्भवती रही थी, लेकिन डॉक्टरों ने शिशु को मृत घोषित कर दिया था, जिससे वह मानसिक रूप से आहत थी। घटना के समय बच्चे के पिता अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने गए हुए थे। थाना प्रभारी ध्रुव कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button