गोड्डा
पथरगामा के परीक्षा केंद्रों का एसडीओ बैद्यनाथ उरांव ने किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव ने पथरगामा प्रखंड अंतर्गत संचालित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की।
एसडीओ ने पथरगामा इंटर कॉलेज, एन.जी. उच्च विद्यालय, बालिका उच्च विद्यालय, संत जोसेफ उच्च विद्यालय बरमसिया, डीएवी पब्लिक स्कूल पथरगामा तथा बालक मध्य विद्यालय पथरगामा सहित सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उनके साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी नितेश कुमार गौतम भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में एसडीओ ने केंद्राधीक्षकों से परीक्षा संचालन से संबंधित जानकारी ली तथा सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों में अनुशासन, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था एवं निगरानी व्यवस्था को संतोषजनक पाया।
अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव ने कहा कि पथरगामा क्षेत्र में परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ है तथा दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती से परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न हो रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा अवधि के दौरान सतर्कता बनाए रखें, ताकि विद्यार्थियों को निष्पक्ष और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।



