मनरेगा के नाम व नियमों में बदलाव के विरोध में 13 फरवरी को पदयात्रा
हाउस टैक्स वृद्धि पर भी आंदोलन का ऐलान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। महानगर कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में “मनरेगा बचाव अभियान” के अंतर्गत पदयात्रा निकालने की घोषणा की है। यह जानकारी महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा ने बुढ़ाना गेट स्थित कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। रंजन शर्मा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा लागू की गई जनहित की योजनाओं के नाम और नियमों में बदलाव कर उन्हें कमजोर करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) जैसी महत्वपूर्ण योजना में बदलाव से करोड़ों ग्रामीण मजदूरों के हित प्रभावित हो सकते हैं। कांग्रेस पार्टी मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों और श्रमिकों को रोजगार की गारंटी देने वाली महत्वपूर्ण योजना है और इसमें किसी भी प्रकार की कटौती या परिवर्तन श्रमिक वर्ग के हितों के विपरीत है। महानगर अध्यक्ष ने नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स के बिलों में की गई वृद्धि का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि बढ़े हुए हाउस टैक्स से व्यापारी, मध्यमवर्गीय एवं आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। कांग्रेस इस मुद्दे पर भी शीघ्र ही व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी।
पदयात्रा का मार्ग:-
पदयात्रा 13 फरवरी को सायं 4 बजे कांग्रेस कार्यालय, बुढ़ाना गेट से प्रारंभ होगी। इसके बाद बुढ़ाना गेट स्थित मंगल पांडे की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। वहां से यात्रा सत्यम प्लाजा (निगार सिनेमा), खैर नगर चौराहा, छतरी वाला पीर, अहमद रोड, प्यारेलाल जिला अस्पताल, घंटाघर होते हुए टाउन हॉल स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ संपन्न होगी।
पत्रकार वार्ता में पूर्व जिला अध्यक्ष अवनीश काजला, पूर्व महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी, प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा, श्रीमती बबीता गुर्जर, श्रीमती बबली देवी, श्रीमती रीना शर्मा, पियूष रस्तोगी, सचिन शर्मा, हरिकृष्ण प्रजापति, निसार अब्बासी, सुमित विकल, राजू यादव सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महानगर कांग्रेस कमेटी ने कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पदयात्रा में शामिल होने की अपील की है।


