गोड्डा

महाशिवरात्रि पर ब्रह्माकुमारी संस्थान की भव्य शोभायात्रा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। महाशिवरात्रि एवं शिव जयंती के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में पथरगामा क्षेत्र में भव्य प्रभात फेरी एवं शोभायात्रा निकाली गई। “हर-हर महादेव” और शिव भजनों के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा। यात्रा में बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारी बहनों, भाइयों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रभात फेरी बाबूपुर स्थित संस्थान से प्रारंभ होकर सोनारचक, द्वारिचक और पथरगामा मुख्य बाजार से होते हुए तुलसीकिता स्थित कार्यालय तक पहुंची। जगह-जगह रुककर आमजन को परमपिता परमेश्वर शिव के निराकार स्वरूप एवं उनके दिव्य संदेश से अवगत कराया गया। शोभायात्रा के दौरान शांति, पवित्रता, नशामुक्ति और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया, जिससे वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक हो गया।
पथरगामा केंद्र की प्रभारी बी.के. पूनम बहन ने महाशिवरात्रि के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व आत्म-जागरण और आत्म-परिवर्तन का प्रतीक है। उन्होंने बताया, “शिव बाबा निराकार, ज्योति बिंदु स्वरूप परमपिता परमेश्वर हैं, जो राजयोग एवं ईश्वरीय ज्ञान के माध्यम से मानव आत्माओं को श्रेष्ठ जीवन जीने की दिशा प्रदान करते हैं। उनके स्मरण मात्र से मन को शांति, शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है।” उन्होंने यह भी जानकारी दी कि केंद्र पर नियमित रूप से राजयोग ध्यान, आध्यात्मिक ज्ञान सत्र, नैतिक शिक्षा एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनके माध्यम से समाज में नैतिक एवं आध्यात्मिक जागरूकता फैलाने का सतत प्रयास किया जा रहा है। शोभायात्रा का समापन तुलसीकिता स्थित कार्यालय में शिव ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्व शांति एवं मानव कल्याण की कामना करते हुए सामूहिक ध्यान और प्रार्थना की गई। शिव-पार्वती की आकर्षक झांकी ने उपस्थित लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में बी.के. सीमा, बी.के. प्रदीप चांद, बी.के. अमित, बी.के. अर्जुन, बी.के. राजकिशोर, बी.के. डोमन भगत, बी.के. जितेंद्र सहित सैकड़ों भाई-बहनों की सक्रिय उपस्थिति थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button