खैरथल
जनगणना-2027 हेतु जिले के चार्ज अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य के लिए जिले में नियुक्त समस्त चार्ज अधिकारियों (तहसीलदार/आयुक्त/अधिशाषी अधिकारी – राजपत्रित अधिकारी) का दो दिवसीय प्रशिक्षण 19 एवं 20 फरवरी को नगर परिषद् सभागार में आयोजित किया गया, जो शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आगामी जनगणना पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी। प्रथम चरण में चार्ज अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगी तथा आंकड़ों की गुणवत्ता एवं शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उपनिदेशक सांख्यिकी महेंद्र सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है, बल्कि यह नीति निर्माण, विकास योजनाओं के निर्धारण एवं संसाधनों के संतुलित वितरण की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणकों द्वारा वास्तविक फील्ड कार्य मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा। देश में पहली बार जनगणना-2027 में स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से आमजन स्वयं अपने मकान एवं परिवार संबंधी विवरण दर्ज कर सकेंगे।
जनगणना निदेशालय से नियुक्त प्रशिक्षक महेश कुमार एवं सुभाष यादव द्वारा प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल डेटा संकलन की प्रक्रिया, सीएमएमएस (CMMS) वेब पोर्टल, हाउस लिस्टिंग, फील्ड सर्वे, सुपरविजन, प्रगणकों की नियुक्ति एवं पोर्टल उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
उप जिला जनगणना अधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण की सफलता सुनिश्चित करने हेतु यह प्रशिक्षण अत्यंत उपयोगी एवं महत्वपूर्ण सिद्ध होगा, जिससे चार्ज अधिकारी डिजिटल प्रक्रिया एवं फील्ड कार्य को बेहतर ढंग से क्रियान्वित कर सकेंगे।

