
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र में तेलगामा के पास अहले सुबह एक ट्रक रेल पटरी पर जा गिरा। महागामा-ललमटिया मार्ग से गुजर रहा यह हाइवा ट्रक एनटीपीसी की डाउनलाइन MGR MT ट्रैक पर गिरा, जिससे रेलखंड बाधित हो गया।
यह घटना इतनी भयावहा थी कि मुख्य सड़क से गुजर रहा ट्रक करीब 40 फीट नीचे ट्रेन लाइन में जा गिरा। दुर्घटना के समय MGR MT लाइन से कोयला लेने के लिए एक रैक गुजर रही थी। हादसे में ट्रक चालक लालू कुमार वाहन से फेंकाकर ट्रेन के बोगी के नीचे चले गए थे, जबकि उपचालक मनीष कुमार गाड़ी में ही फंसे रह गए। ललमटिया थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल चालक लालू कुमार को ट्रेन के बोगी के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। उपचालक मनीष कुमार करीब तीन घंटे तक वाहन में फंसे रहे। सुबह लगभग 5 बजे एनटीपीसी की रेस्क्यू टीम सुभाशीष बनर्जी के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने मनीष कुमार को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भी अस्पताल भेजा गया। बताया गया है कि यह हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ, जब महागामा की ओर से आ रहा JH12S 7078 नंबर का हाइवा ट्रक सड़क की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे MGR रैक पर जा गिरा। राहगीरों ने चालक की कराह सुनकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बचाव कार्य शुरू हो सका। खबर लिखे जाने तक चालक और उपचालक दोनों का इलाज अस्पताल में जारी था और MGR रेलखंड बाधित था। रेस्क्यू टीम के प्रमुख सुभाशीष बनर्जी ने बताया कि उन्हें सुबह 5 बजे के बाद सूचना मिली थी। टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद उपचालक मनीष कुमार को गाड़ी से निकालकर अस्पताल भेजा गया। उन्होंने पुष्टि की कि हादसे में चालक और उपचालक दोनों घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है।



