ललितपुर

इमलिया कला में अवैध शराब की बिक्री से ग्रामीण परेशान

महिलाओं ने एसपी से लगाई गुहार

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम इमलिया कला में अवैध शराब के कारोबार ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। सोमवार को बड़ी संख्या में गांव की महिलाओं और ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर गांव में धड़ल्ले से बिक रही अवैध शराब को बंद कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। एसपी को सौंपे गए पत्र में ग्रामवासियों ने आरोप लगाया कि गांव के ही कुछ दबंग व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचने का काला कारोबार कर रहे हैं। इस कारण गांव में हर समय शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। शराब पीकर लोग आए दिन हुड़दंग करते हैं और राह चलती महिलाओं व युवतियों पर फब्तियां कसते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शराबियों की वजह से गांव की महिलाओं का घर से निकलना और रास्तों से गुजरना असुरक्षित हो गया है। ग्रामीणों ने शिकायत में स्पष्ट रूप से देवेन्द्र पुत्र करन, गज्जू पुत्र रामचरन, कल्लन पुत्र अमरसिंह, गोपाल पुत्र आशाराम, अजुद्दी पुत्र खच्चीरे और बल्लू अहिरवार पुत्र कमल के नामों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया है कि ये लोग अवैध बिक्री में संलिप्त हैं। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। दबंगों का कहना है कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। अवैध शराब के इस आतंक से त्रस्त होकर शारदा, सरोज, मीरा, पुनीत, जामुन, कमला, चन्द्रा, रैना और विमला सहित दर्जनों महिलाओं ने अपने अंगूठे के निशान और हस्ताक्षर युक्त प्रार्थना पत्र पुलिस प्रशासन को दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस अवैध कारोबार पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button