गाजियाबाद

लोनी में श्रद्धा और उल्लास से सम्पन्न हुई गोवर्धन पूजा

अन्नकूट महोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मंदिरों में लगे छप्पन भोग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

लोनी (गाजियाबाद) : सनातन संस्कृति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव लोनी क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही घरों और मंदिरों में धार्मिक आयोजन शुरू हो गए। श्रद्धालुओं ने घरों के आंगन और मंदिर परिसरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर भगवान श्रीकृष्ण एवं गिरिराज महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना की।

पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने गिरिराज महाराज के जयकारे लगाते हुए परिक्रमा की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद भगवान को विभिन्न पकवानों का भोग लगाकर अन्नकूट प्रसाद वितरित किया गया। तिथियों के बदलाव के चलते इस बार कई स्थानों पर पर्व का आयोजन अलग-अलग दिनों में भी देखने को मिला।

प्रकृति और गौ संरक्षण का संदेश देता है पर्व

गुलाब वाटिका स्थित प्राचीन शिव मंदिर में गोवर्धन पूजा विधि-विधान से संपन्न हुई। इस अवसर पर पंडित राकेश आचार्य ने पर्व की धार्मिक मान्यताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और गौवंश के संरक्षण का संदेश देने वाला पर्व है।

उन्होंने बताया कि द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने देवराज इंद्र के अहंकार को समाप्त कर ब्रजवासियों को गोवर्धन पर्वत और गौ माता की पूजा करने की प्रेरणा दी थी। इसी परंपरा के माध्यम से प्रकृति और पशुधन के महत्व को समझाया जाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी यह पर्व पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता की सीख देता है।

अन्नकूट प्रसाद के लिए लगी कतारें

गोवर्धन पूजा के अवसर पर लोनी के विभिन्न मंदिरों, धार्मिक स्थलों और कॉलोनियों में अन्नकूट प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए गए। मौसमी सब्जियों, कढ़ी, चावल, पूड़ी और बाजरे की खिचड़ी सहित अनेक व्यंजनों से तैयार प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। धार्मिक आयोजनों में समाज के सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। इससे सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश भी देखने को मिला।

छप्पन भोग के पीछे है धार्मिक मान्यता

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण दिन में आठ बार भोजन करते थे। जब उन्होंने इंद्र के प्रकोप से ब्रजवासियों की रक्षा के लिए लगातार सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा अंगुली पर धारण किया, तब वे भोजन नहीं कर सके। मान्यता है कि सात दिन बाद ब्रजवासियों ने उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए प्रतिदिन के आठ भोजन के हिसाब से कुल 56 प्रकार के पकवान तैयार कर भगवान को अर्पित किए। तभी से भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग लगाने की परंपरा प्रचलित हुई। आज भी गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव पर मंदिरों में छप्पन भोग एवं भंडारों का आयोजन इसी धार्मिक मान्यता के अनुरूप किया जाता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button