ललितपुर
ललितपुर नगर पालिका में बड़ा विवाद
बिना बोर्ड अनुमति कार्यों के भुगतान पर रोक,23 मार्च को बुलाई गई आकस्मिक बैठक
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। नगर पालिका परिषद में वित्तीय अनियमितताओं और बिना बोर्ड की अनुमति के कराए गए निर्माण कार्यों को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। पार्षदों ने एकजुट होकर ऐसे कार्यों के भुगतान पर रोक लगाने का निर्णय लिया है और पूरे मामले पर चर्चा के लिए 23 मार्च 2026 को आकस्मिक बोर्ड बैठक बुलाने की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर में विभिन्न निर्माण कार्य बिना बोर्ड की स्वीकृति के कराए जाने, जेम पोर्टल से खरीदी जाने वाली सामग्रियों में पारदर्शिता की कमी तथा डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन कार्य में लगी संस्था को भुगतान किए जाने को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। पार्षदों का आरोप है कि इन कार्यों में व्यापक अनियमितताएं हुई हैं। इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष/अधिशासी अधिकारी को दिए गए पत्र में पार्षदों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जब तक सभी कार्यों की पत्रावलियां बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर स्वीकृति नहीं ली जाती, तब तक किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि बिना अनुमति कराए गए कार्यों की जांच कराई जानी चाहिए। वहीं दूसरे पत्र में नगर के विकास कार्यों और उत्पन्न स्थिति को देखते हुए 23 मार्च 2026 को आकस्मिक बोर्ड बैठक आयोजित करने का सामूहिक निर्णय लिया गया है। पार्षदों ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का अनुरोध किया है ताकि बैठक में सभी बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा कर उचित निर्णय लिया जा सके। इस पूरे मामले में बड़ी संख्या में पार्षदों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति जताई है, जिससे स्पष्ट है कि नगर पालिका के भीतर यह मुद्दा गंभीर रूप ले चुका है। यदि समय रहते समाधान नहीं निकला तो यह विवाद और गहराने की संभावना है। अब सबकी नजर 23 मार्च को होने वाली प्रस्तावित बैठक पर टिकी है, जिसमें इन आरोपों की सच्चाई और आगे की कार्यवाही तय होगी। पत्र पर पार्षद मनमोहन चौबे एड., जानकी प्रसाद, दीपा, जगदीश यादव, अब्दुल बारी, कुन्दन पाल, सोन सिंह, पूजा यादव, शिवानी कुशवाहा, धर्मवीर कुशवाहा, अशोक पंथ, अफजुल रहमान, रमेश कुमार गांधी, रजनी रजक, कीर्ति नायक, गिरीश पाठक, सविता, पुष्पा राजा, आलोक मयूर, जितेन्द्र राठौर, उदय प्रताप सिंह, मोहिनी दरौनिया, मुस्तफा खान, आर.के.पटैरिया, फरजाना बानो आदि के हस्ताक्षर बताये गये हैं।