मुरादाबाद
पानी बचाने की मिसाल बनीं मुरादाबाद की पांच ग्राम पंचायतें,
15 अगस्त को लाल किले पर होंगे सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुरादाबाद। जल संरक्षण के क्षेत्र में मुरादाबाद जनपद की पांच ग्राम पंचायतों ने ऐसा कार्य किया है, जो पूरे देश के लिए मिसाल बन गया है। जल शक्ति मंत्रालय द्वारा संचालित “कैच द रेन” अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए इन पंचायतों को राष्ट्रीय स्तर पर चुना गया है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर इन ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया जाएगा।
ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा
डीसी मनरेगा आरपी भगत ने जानकारी देते हुए बताया कि “कैच द रेन” अभियान वर्ष 2022 से 2024 तक देशभर में चलाया गया। इसका उद्देश्य वर्षा जल का संरक्षण, जल स्रोतों का पुनर्भरण, जल निकायों का पुनरुद्धार और आमजन में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। इस योजना में शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों से सहभागिता रही, लेकिन मुरादाबाद जनपद की जिन पंचायतों का चयन हुआ, उन्होंने अपने सामूहिक प्रयासों से उल्लेखनीय कार्य कर दिखाया। जिन ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा, उनमें मूंढा पांडे ब्लॉक की भदासना पंचायत के प्रधान चमन, बिलारी ब्लॉक की मोहम्मद सादिकपुर पंचायत की प्रधान आरती देवी, ठाकुरद्वारा ब्लॉक की पडला पंचायत की प्रधान प्रगति त्यागी, छजलैट ब्लॉक की कासमपुर पंचायत की प्रधान महरून निशा और भगतपुर ब्लॉक की बिलावाला पंचायत के प्रधान नितिन कुमार शामिल हैं।
इन ग्राम पंचायतों में तालाबों का जीर्णोद्धार, वर्षा जल संचयन प्रणाली का निर्माण, जल निकासी व्यवस्था में सुधार जैसे कार्य किए गए हैं। बारिश के जल का उपयोग गांव की आवश्यकताओं की पूर्ति में किया जा रहा है, जिससे जल स्तर में सुधार के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
जनपद स्तर पर डीसी मनरेगा द्वारा इन प्रधानों को सूचित किया जाएगा। यह उपलब्धि न केवल मुरादाबाद के लिए गौरव का विषय है, बल्कि अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकती है। जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर स्थानीय स्तर से राष्ट्रीय मंच तक पहुंच बनाना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।



