कैराना
बच्चों के विवाद में घर में घुसकर पांच साल के मासूम को बेरहमी से पीटा
दबंगों ने मां से भी की मारपीट, तीन नामजद समेत पांच पर मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आलकलां मायापुर रोड पर बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद के बाद दबंगों द्वारा घर में घुसकर पांच वर्षीय मासूम पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि लाठी-डंडों से लैस आरोपियों ने बच्चे को बेरहमी से पीटा और उसकी मां के साथ भी मारपीट की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला आलकलां निवासी रिहाना पत्नी सुफियान ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि गत 19 फरवरी की रात उसके बेटे सुहान और पड़ोसी इरफान के बच्चों के बीच गली में खेलते समय कहासुनी हो गई थी। वह अपने बेटे को डांटकर घर ले आई थी। आरोप है कि कुछ देर बाद जुल्फिक्कार उर्फ जुल्लू पुत्र इकराम और वसीम पुत्र जहूर हसन निवासी मोहल्ला आलकलां अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुस आए।इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए बच्चे को जान से मारने की धमकी दी और पांच वर्षीय सुहान को बेरहमी से पीटा। जब रिहाना ने बेटे को बचाने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया। आरोप है कि जाते समय आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल बच्चे को सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल शामली के लिए रेफर कर दिया,जहां उसका उपचार चल रहा है। पीड़िता ने बताया कि बच्चे के इलाज में व्यस्त रहने के कारण वह तुरंत तहरीर नहीं दे सकी। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
