अमरोहा

बारदाने की किल्लत से चार दिन से तौल बंद

आक्रोशित किसानों का नगलिया मुंशी में प्रदर्शन

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
 अमरोहा : हसनपुर तहसील क्षेत्र के विभिन्न गेहूं क्रय केंद्रों पर बारदाने की भारी कमी के चलते पिछले चार दिनों से तौल पूरी तरह ठप पड़ी है। इस समस्या से परेशान किसानों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा, जब ग्राम नगलिया मुंशी में दर्जनों किसान एकत्रित होकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करने लगे।
किसानों का कहना है कि इस बार गेहूं की पैदावार पहले ही कम हुई है, ऊपर से तौल बंद होने के कारण उन्हें अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है। कई किसान अपनी फसल को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लादकर कई दिनों से क्रय केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन बारदाना न होने के कारण खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं हो पा रही है।
किसानों ने यह भी बताया कि खुले में रखी फसल के खराब होने का खतरा लगातार बना हुआ है। अचानक मौसम बदलने या बारिश होने की स्थिति में उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है। वहीं, फसल की सुरक्षा को लेकर किसान रात-भर जागने को मजबूर हैं।
प्रदर्शन के दौरान राष्ट्र सेवी संगठन के संयोजक कृष्ण कुमार शर्मा ने सरकार और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों की आय बढ़ाने की बात तो की जाती है, लेकिन बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। सहकारी संघ कुंदरकी भूड़ के सभापति करण सिंह ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर तौल व्यवस्था सुचारू नहीं हुई, तो किसान तहसील मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस दौरान नरेंद्र सिंह, खड़क सिंह, होशियार सिंह, रघुवीर सिंह, राजेंद्र सिंह, वीरपाल, रूपचंद सिंह, डालचंद, टेकचंद सिंह और विजेंद्र सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button