ललितपुर
खाद लेने मुख्यालय आये किसान की बाइक टक्कर से मौत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। निकटवर्ती ग्राम घटवार में रहने वाले सोनू कुशवाहा पुत्र चन्दन कुशवाहा ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। बताया कि 3 दिसम्बर की शाम करीब 6 बजे उसके पिता चन्दन खाद लेने ललितपुर आये हुये थे, जहां से वह गांव वापस जा रहे थे। बताया कि घटवार जाते समय जैसे ही वह मसौरा बैरियल के पास पहुंचे, तो हाई-वे के पास मोटर साइकिल संख्या यू.पी.94 ए.एल. 0447 के चालक ने तेजी व लापरवाही से उसके पिता को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उन्हें सिर व शरीर में गंभीर रूप से चोट आ गयी। वहां मौजूद लोगों ने उसके पिता को उपचार के लिए एम्ब्युलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें झांसी रेफर कर दिया। जब वह अपने पिता को झांसी एम्ब्युलेंस के जरिए ले जा रहा था, तभी तालबेहट के पास उसके पिता की मौत हो गयी। पुलिस ने पीडि़त की तहरीर पर बाइक चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125 (बी) व 106 के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।