झारखंड में एचपीवी टीकाकरण पर गहन अध्ययन के बाद होगा निर्णय- मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन
Decision on HPV vaccination in Jharkhand to be taken after an in-depth study – Chief Minister Hemant Soren

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड मंत्रालय में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राज्य की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए प्रस्तावित एचपीवी टीकाकरण, मेडिकल कॉलेजों की व्यवस्था, स्वास्थ्य बीमा योजनाओं और सरकारी अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने एचपीवी टीकाकरण लागू करने से पहले राज्यव्यापी सर्वेक्षण कराने, विशेषज्ञ समिति गठित करने तथा देश-विदेश के चिकित्सा विशेषज्ञों से परामर्श लेने का निर्देश दिया। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर के मामलों, आयु वर्ग और बीमारी के विभिन्न चरणों का विस्तृत आंकड़ा जुटाने तथा वैज्ञानिक एवं सुरक्षा संबंधी पहलुओं का मूल्यांकन करने पर जोर दिया। साथ ही जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पैप स्मीयर एवं एचपीवी डीएनए जांच की सुविधा मजबूत करने का निर्देश दिया। बैठक में रिम्स में मेडिकल शिक्षकों के 319 स्वीकृत पदों के पुनर्गठन तथा 7 सुपर स्पेशियलिटी और 3 ब्रॉड स्पेशियलिटी विभागों के गठन के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा 16 नए पद सृजित करने का प्रस्ताव रखा गया। हजारीबाग, दुमका और पलामू मेडिकल कॉलेजों की शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 10 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित करने तथा आयुष्मान भारत योजना के साथ बेहतर समन्वय बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में एम्बुलेंस सेवाओं को सुदृढ़ करने और आम लोगों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के निदेशक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



