अवैध क्रेशरों को बंद कराने की मांग को लेकर 6 ग्रामीण पानी की टंकी पर चढ़ गए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर – गांव घाटरी में संचालित अवैध क्रेशरों को बंद कराने की मांग को लेकर 6 ग्रामीण पानी की टंकी पर चढ़ गए। सूचना मिलते ही भुसावर थाना अधिकारी रामदयाल मीणा, तहसीलदार अभयराज सिंह एवं नवनियुक्त सीओ नीरज भारद्वाज मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद सभी ग्रामीण सुरक्षित नीचे उतर आए। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2015 में तत्कालीन जिला कलेक्टर द्वारा कमेटी का गठन कर दो दर्जन संचालित क्रेशरों की जांच करवाई गई थी। जहां तत्कालीन उपखंड अधिकारी ने कमेटी रिपोर्ट के आधार पर नियम विरुद्ध पाए जाने पर उक्त क्रेशरों को बंद करवाये जाने को लेकर अभिशंसा करते हुए रिपोर्ट पेश की। लेकिन आज दिनांक तक कोई कार्रवाही नहीं की गई है। इस दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों को अवगत करवाया कि गांव में हर तीसरे घर में सिलिकोशिश बीमारी का मरीज बना हुआ है कई महिलाएं विधवा हो गई है। क्रेशरों के चलते खेती नष्ट हो रही हैं प्रदूषण इतना है कि शाम को घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है। पानी की टंकी पर चढ़ने वालों में मेवाराम पुत्र सुम्मेरा जाटव, हरिओम पुत्र मांगती जाट, सुरेश पुत्र महासुख जाटव, बदन पुत्र रामकिशन जाटव, मुकेश पुत्र रघुपत जाटव तथा पंकज पुत्र रामप्रसाद जाटव शामिल थे। प्रशासन द्वारा मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।



