राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के समापन समारोह में पाकुड़ जिले ने लहराया परचम सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने में राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त
Pakur district won the National Road Safety Month-2026 closing ceremony. It ranked third at the state level in reducing the death rate from road accidents.
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के समापन अवसर पर रांची स्थित चाणक्या बी.एन.आर. में आयोजित राज्य स्तरीय सेमिनार-कम-प्रशिक्षण कार्यक्रम में पाकुड़ जिले ने सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। राज्य स्तरीय मूल्यांकन में सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने की दिशा में प्रभावी कार्य के लिए पाकुड़ जिले को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इस श्रेणी में प्रथम स्थान जमशेदपुर जिला एवं द्वितीय स्थान रामगढ़ जिला को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के दौरान परिवहन मंत्री श्री दीपक बिरूआ एवं परिवहन विभाग की सचिव श्रीमती विपब्रा भाल द्वारा पाकुड़ जिले को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सुरक्षित, सुदृढ़ एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था विकसित करने पर विशेष बल दिया गया। पाकुड़ जिले को प्राप्त इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई), सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ-साथ पुलिस विभाग के पदाधिकारियों एवं जवानों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता समन्वित टीमवर्क, प्रभावी जन-जागरूकता अभियानों एवं सतत निगरानी का प्रतिफल है। उपायुक्त ने आगे कहा कि भविष्य में भी जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और सड़क दुर्घटनाओं में लगातार कमी लाई जा सके।



