शामली
गुलेल से हमले में घायल बार्न आउल का वन विभाग ने कराया उपचार, हालत में सुधार
बाड़ी माजरा के पास मिला था घायल उल्लू, वनरक्षक ने तीन दिन तक देखभाल कर कराया इलाज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। बाड़ी माजरा के पास गुलेल से हमला किए जाने के कारण घायल हुए बार्न आउल (उल्लू) का वन विभाग ने उपचार कराया है। तीन दिन तक देखभाल और पशु चिकित्सक से इलाज मिलने के बाद उल्लू की हालत में सुधार हुआ है। स्वस्थ होने पर उसे संरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, तीन दिन पूर्व बाड़ी माजरा के पास किसी व्यक्ति ने गुलेल से बार्न आउल पर हमला कर दिया था। हमले में उसके एक पैर और एक पंख में चोट लग गई थी। वहां से गुजर रहे एक पत्रकार ने घायल उल्लू को देखकर वनरक्षक संदीप राणा को सूचना दी। सूचना मिलते ही वनरक्षक मौके पर पहुंचे और घायल उल्लू को वन विभाग के झिंझाना कार्यालय लेकर आए। यहां तीन दिन तक उसकी देखभाल की गई तथा पशु चिकित्सक की मदद से उपचार कराया गया।
वन विभाग के अनुसार, बार्न आउल उल्लू की विशेष प्रजाति है। इसकी पहचान हृदय के आकार जैसे चेहरे और हल्के सुनहरे-सफेद पंखों से होती है। यह मुख्य रूप से रात में सक्रिय रहता है तथा चूहों सहित छोटे जीवों का शिकार करता है। खेतों में चूहों की संख्या नियंत्रित करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
वन विभाग की टीम ने उल्लू के घायल पैर और पंख का उपचार कराया। विभाग ने घायल पक्षी की सूचना देने वाले पत्रकार और वनरक्षक संदीप राणा की पहल की सराहना की। साथ ही लोगों से अपील की कि घायल वन्यजीव या पक्षी दिखाई देने पर उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।