गोड्डा
बलबड्डा थाना के नए भवन का उद्घाटन आज, मंत्री करेंगे उद्घाटन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
गोड्डा/बलबड्डा : थाना क्षेत्र के लोगों के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक होने वाला है। वर्षों से प्रतीक्षित बलबड्डा थाना का नवनिर्मित भवन अब तैयार है और इसका औपचारिक उद्घाटन मंगलवार को झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में उपायुक्त अंजली यादव, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और कई अन्य प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भी बड़ी उपस्थिति रहने की संभावना है।
बताते चलें कि नया थाना भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है। भवन निर्माण झारखंड सरकार की योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र की पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया गया है। भवन में महिला हेल्प डेस्क, रिकॉर्ड रूम, मालखाना, थानाध्यक्ष कक्ष, शस्त्रागार और स्टाफ के लिए विश्राम कक्ष जैसी सुविधाएँ उपलब्ध हैं। क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर स्थानीय लोगों में नए थाना भवन को लेकर खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पुराने भवन की स्थिति जर्जर हो चुकी थी, जिससे पुलिसकर्मियों को कार्य करने में कठिनाई होती थी। नए भवन से अब न सिर्फ पुलिस प्रशासन को सुविधा होगी, बल्कि शिकायतकर्ताओं को भी बेहतर माहौल मिलेगा। मंत्री करेंगी संबोधित सूत्रों के अनुसार, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह उद्घाटन के बाद स्थानीय लोगों को संबोधित भी करेंगी। वे सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास व सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाल सकती हैं। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद समारोह को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। थाना क्षेत्र के सभी पुलिसकर्मी इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।



