प्रेमजाल, ब्लैकमेल और धर्मांतरण के आरोप में मुख्य अभियुक्ता समेत पिता गिरफ्तार
पुलिस ने शुरू की बड़ी कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला काजीवाड़ा में युवक को प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने, आर्थिक लाभ के लिए दबाव बनाने तथा कथित रूप से धर्मांतरण कराने के मामले में शामली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्ता चांदनी कुरैशी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में कुल नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार दयानंद नगर निवासी देवराज मलिक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि उनके पुत्र आयुष मलिक को योजनाबद्ध तरीके से अपने प्रभाव में लेकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया। विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
