
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। विकास खंड जाखौरा के ग्राम खडोवरा में रविवार को विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत खेत बचाओ अभियान एवं कृषि जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक एवं प्राकृतिक खेती की तकनीकों, फसल सुरक्षा, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लाभ बताते हुए जीवामृत, घनजीवामृत एवं दशपर्णी अर्क के निर्माण और उपयोग की विधि समझाई। किसानों को बताया गया कि रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग करने से खेती की लागत घटाई जा सकती है तथा मृदा की उर्वरता लंबे समय तक बनाए रखी जा सकती है। विशेषज्ञों ने बीज शोधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बुवाई से पहले बीजों का उचित उपचार करने से बीजजनित रोगों और कीटों का प्रकोप कम होता है। इससे अंकुरण क्षमता बढ़ती है और फसल प्रारंभिक अवस्था से ही स्वस्थ एवं मजबूत बनती है। किसानों को बीज शोधन के बाद ही बुवाई करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम के दौरान मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के तहत मिट्टी परीक्षण के महत्व की जानकारी भी दी गई। किसानों को बताया गया कि मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करने से लागत में कमी आती है और उत्पादन में वृद्धि होती है। वहीं बीज मिनीकिट कार्यक्रम के माध्यम से उन्नत एवं प्रमाणित बीजों के उपयोग से अधिक उत्पादन प्राप्त करने के उपाय भी बताए गए। भारतीय रिजर्व बैंक, नाबार्ड, पंजाब नेशनल बैंक एवं आरोह फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित सत्र में एफसी सोहिब खान ने किसानों को डिजिटल बैंकिंग, जमा-निकासी सेवाओं तथा बैंकिंग सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने किसानों को साइबर जालसाजी एवं वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताते हुए अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में विषय वस्तु विशेषज्ञ धीरज वर्मा, सहायक विकास अधिकारी तरुण जामकार, प्राविधिक सहायक श्रुति शुक्ला, बीटीएम सुशील कुमार तथा न्याय पंचायत प्रभारी अंकिता नायक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



