मोदीनगर

मोदीनगर में सरकारी ज़मीन से कब्ज़ा हटवाने की शिकायत करना पड़ा भारी, शिकायतकर्ता पर ही शुरू हुआ दबाव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

मोदीनगर। सरकारी ज़मीन पर अवैध कब्ज़ा हटवाने की कोशिश एक आम नागरिक को भारी पड़ गई। मामला मोदीनगर तहसील के ग्राम नंगला अक्खू का है, जहां निवासी प्रदीप त्यागी ने गांव की चकमार्ग और सरकारी स्कूल की भूमि पर हो रहे कथित अवैध कब्ज़े के खिलाफ मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल और मोदीनगर तहसील कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि कुछ भूमाफियायो द्वारा राज्य सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा कर रखा है , जिससे ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाई हो रही है और सरकारी विद्यालय की व्यवस्था पर भी खतरा मंडरा रहा है।

प्रदीप ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद से उन्हें लगातार मानसिक दबाव झेलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें अप्रत्यक्ष रूप से धमकियां मिल रही हैं, जिससे वे और उनका परिवार दहशत में हैं। उनका यह भी कहना है कि प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे अवैध कब्जाधारियों के हौसले बुलंद हैं।

गांव के अन्य ग्रामीणों ने भी प्रदीप की शिकायत का समर्थन करते हुए कहा कि शिकायतकर्ता ने एक जायज़ मुद्दा उठाया है, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के चलते उसे ही परेशान किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सरकारी जमीन पर हो रहे अतिक्रमण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा शिकायतकर्ता को सुरक्षा मुहैया कराई जाए।

इस मामले पर तहसील प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि सूत्रों के अनुसार मामला अब उच्चाधिकारियों के संज्ञान में पहुंच चुका है और जल्द ही कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

प्रदीप ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन जल्द कोई कदम नहीं उठाता तो वे कानूनी विकल्प अपनाते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ा मामला उठाने पर यदि आम नागरिक को ही प्रताड़ना झेलनी पड़े तो यह न्याय प्रणाली और प्रशासन दोनों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

 
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button