सांसद विजय कुमार हासदा ने छठ घाटों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा- निर्देश
MP Vijay Kumar Hansda inspected Chhath ghats and issued necessary instructions to the officials.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। राजमहल लोकसभा क्षेत्र से हैट्रिक लगाये सांसद विजय कुमार हासदा ने छठ महापर्व के मद्देनजर पाकुड़ नगर स्थित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ- सफाई, विधि- व्यवस्था एवं छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सांसद ने उपस्थित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर कई आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व के दौरान घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य जरूरी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर सांसद विजय कुमार हासदा ने कहा कि छठ जैसे पवित्र महापर्व को देखते हुए घाटों का निरीक्षण किया गया है। इस दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का अवलोकन किया गया, ताकि पर्व शान्तिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके। उन्होंने कहा कि हमारे देश की तहजीब और संस्कृति ऐसी है, जहां सभी लोग मिल-जुलकर हर त्योहार मनाते हैं। यही हमारी सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की पहचान है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि छठ महापर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और हर्षोल्लास के साथ मनाएं तथा समाज में सकारात्मक माहौल कायम करते हुए एक नई मिसाल पेश करे। सांसद ने इस अवसर पर सभी छठ व्रतियों एवं जिलेवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं भी दी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी और सम्बन्धित विषयों पर प्रकाश डाला। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव, जेएमएम प्रखण्ड अध्यक्ष मुस्लेहुद्दीन शेख, निशांत कुमार साह उर्फ लड्डू, मुकेश सिंह, प्रकाश सिंह, उमर फारूक, रेजाउल हक अन्य समेत छठ घाट के समिति सदस्य उपस्थित रहे।



