
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। दक्षिणाम्नाय शृंगेरी शारदा पीठ के उत्तराधिकारी जगद्गुरू शंकराचार्य विधुशेखर भारती ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भगवान श्रीकृष्ण का विशेष पूजन किया। शंकराचार्य ने भागवत भवन में श्री राधाकृष्ण युगल सरकार की आरती, पादुका पूजन तथा भगवान चन्द्रमौलीश्वर का विधिविधान से अभिषेक किया। जन्मभूमि परिसर में स्थापित रजत मंडप में विराजमान विग्रहों के दर्शन से श्रद्धालु अभिभूत हुए। शंकराचार्य सोमवार शाम श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे। उन्होंने यहां दो दिवसीय प्रवास की शुरुआत की। आगमन पर उनका रजत मंगल कलश, पुष्प-गुच्छ व आरती के साथ स्वागत किया गया। मंगलवार सुबह उन्होंने श्रीकेशवदेव मंदिर, योगमाया मंदिर और गर्भगृह में पूजन-आरती कर श्रीराधाकृष्ण को पुष्पांजलि अर्पित की। मंत्रोच्चार से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। आशीर्वचन देते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण जीवन के अज्ञान और अहंकार रूपी बंधनों को नष्ट कर मानव जीवन का लक्ष्य प्राप्त कराने की शक्ति प्रदान करें। शृंगेरी पीठ से लाया गया विशिष्ट प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। बाद में उन्होंने जन्मस्थान स्थित गोशाला में गोपूजन भी किया। वहीं शाम को गीता जयंती महोत्सव के अंतर्गत महाप्रसाद का वितरण हुआ। शंकराचार्य बुधवार सुबह शृंगेरी पीठ के लिए प्रस्थान करेंगे।



