गोड्डा

भव्यता से निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
महागामा (गोड्डा) : प्रखंड मुख्यालय स्थित ऊर्जानगर मंदिर से शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गई। श्रद्धा और भक्ति के इस पर्व को देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। यह महागामा में चौथी आयोजित रथयात्रा थी, जिसकी तैयारियाँ कई दिनों से चल रही थीं। रथयात्रा की शुरुआत मंदिर प्रांगण में विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। उड़ीसा से आए पंडित धर साहेब द्वारा भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा को पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मंदिर से बाहर रथ पर विराजमान कराया गया। बताया गया कि भगवान जगन्नाथ पिछले 15 दिनों से ‘बीमार’ अवस्था में थे, जिनके नवजीवन रूप की पूजा पुरी से आए पुरोहितों द्वारा की गई। रथयात्रा को शुभारंभ करने से पूर्व ईसीएल के महाप्रबंधक ए. एन. नायक ने पूजा-अर्चना कर झाड़ू लगाकर परंपरा का निर्वहन किया। इसके बाद रथ की रस्सियों को श्रद्धालुओं ने खींचना शुरू किया। एक ओर महिलाएं रथ की रस्सी थामे थीं, तो दूसरी ओर पुरुष भक्तजन भी बड़ी संख्या में शामिल रहे। इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा ताकि रथयात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। आस पास के लोगों ने मंदिर पहुँचकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए और रथयात्रा में भाग लेकर भक्तों का उत्साह बढ़ाया। रथयात्रा के दौरान “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी नारों से माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु दूर-दराज के क्षेत्रों से रथयात्रा में शामिल होने पहुंचे थे। स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह जलपान की व्यवस्था भी की थी। रथयात्रा के अंत में भगवान को नौ दिनों के लिए मौसी के घर विश्राम हेतु ले जाया गया, जहां विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button