हजारीबाग

रामनवमी 2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं कर्मियों को उपायुक्त ने किया ब्रीफ।

संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता के निर्देश, प्रशासन ने की व्यापक तैयारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हज़ारीबाग़ रामनवमी 2026 के अवसर पर जुलूस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को नगर भवन हजारीबाग में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह द्वारा विधि-व्यवस्था संधारण हेतु प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं कर्मियों को विस्तृत ब्रीफिंग दी गई। बैठक में उपायुक्त ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं जवाबदेही के साथ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने सेक्टर एवं जोन में कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी अपनी टीम के साथ पूर्व में ही समुचित कम्युनिकेशन प्लान तैयार कर लें तथा सेक्टर दंडाधिकारी,पुलिस पदाधिकारी, जोनल अधिकारी वरीय पदाधिकारी, स्थानीय थाना एवं स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को पब्लिक फ्रेंडली व्यवहार अपनाने एवं टीम वर्क के साथ कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति का पूर्व आकलन कर उसे सुव्यवस्थित करने भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा जुलूस को समयबद्ध तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित प्रोसेशन के साथ निरंतर बने रहने, अखाड़ा समिति के अध्यक्ष एवं सचिव के साथ समन्वय बनाए रखने तथा जुलूस के दौरान जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने को कहा गया।
आपात स्थिति में तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा महत्वपूर्ण रूट लाइन एवं स्थलों की पूर्व समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। बड़ा अखाड़ा परिसर सहित अन्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा खोया-पाया संबंधी मामलों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। ड्यूटी प्वाइंट के समीप पेयजल, चिकित्सा सुविधा सहित आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर भी ध्यान देने को कहा गया। घायलों के उपचार हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त, अग्नि सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के विवादित गानों पर सतत निगरानी रखते हुए तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि जुलूसों की निगरानी जीपीएस एवं सीसीटीवी के माध्यम से बारीकी से की जाएगी। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें। उन्होंने कहा कि समाज की सुरक्षा एवं सेवा करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। जिला प्रशासन, हजारीबाग सभी नागरिकों से अपील करता है कि रामनवमी के पावन अवसर पर आपसी भाईचारा,शांति एवं सद्भाव बनाए रखें। जुलूस के दौरान प्रशासन का सहयोग करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। सभी मिलकर इस पर्व को गरिमा, अनुशासन एवं उत्साह के साथ सफल बनाएं। इस बैठक में मुख्य रूप से उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के अलावे सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय अपर समाहर्ता संतोष सिंह प्रशिक्षु आईएएस आनंद शर्मा भू-अर्जन पदाधिकारी निर्भय कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी बैद्यनाथ कामती सभी सीओ एवं बीडीओ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button