
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : गजरौला थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 9 पर भानपुर फाटक के पास स्थित हाईवे के नाले वाले अंडरपास में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे स्थानीय लोगों ने पानी में तैरते शव को देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष आंकी गई है। शव दो से तीन दिन पुराना लग रहा था और गलने लगा था। शव के शरीर पर केवल अंडरवियर के अलावा कुछ नहीं था। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। गजरौला थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे की कार्यवाही की जाएगी।



