विवाह समारोह में तांडव, महिलाओं से छेड़छाड़, मारपीट व लाखों की लूट, पीड़ित ने थाना में दिया आवेदन
Victim files complaint at police station for molesting women, assaulting them and looting lakhs of rupees at a wedding ceremony

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। जिले के करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र के एक विवाह समारोह में रविवार देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। घटना को लेकर हेठ करमाटांड़ निवासी लखन लाल मंडल ने थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को वह अपने नाती दीपक कुमार मंडल (पुत्र राजू मंडल), ग्राम फोफनाद, के विवाह समारोह में परिवार के साथ शामिल हुए थे। रात करीब 10 बजे तक कार्यक्रम शांतिपूर्वक चल रहा था कि तभी फोफनाद गांव के सूरज मंडल, रोशन मंडल, निवास मंडल, कुंदन मंडल, मिथिलेश मंडल, अखिलेश मंडल, लेदमा मंडल, दिनेश मंडल, सुमित मंडल सहित 5-7 अज्ञात लोग साउंड सिस्टम के पास पहुंचकर नाच रही महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने लगे। विरोध करने पर रोशन मंडल ने मंजीत मंडल की पत्नी शारदा देवी की साड़ी खींच ली, जिससे वह सबके सामने अपमानित हुईं। महिलाओं की चीखें सुनकर लखन लाल मंडल और परिजन वहां पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने लाठी, डंडे और धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। इसी दौरान मनीष रंजन मंडल का बैग छीन लिया गया, जिसमें 26 हजार रुपये नकद, 80–100 उपहार लिफाफे (लगभग 70–80 हजार रुपये) तथा सोने-चांदी के 4–6 आभूषण थे। आरोपियों ने पंडाल में भारी तोड़फोड़ की, मेज–कुर्सियां, लाइटें, बर्तन तोड़ डाले और मेहमानों के लिए तैयार खाना व बड़े बर्तन में पकाया मांस भी फेंक दिया। स्थिति बिगड़ने पर परिवार घर में घुस गया और गेट बंद कर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने गेट तोड़ने की भी कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी। लखन लाल मंडल ने कहा कि इस हमले में उनके परिवार को हजारों का नुकसान हुआ तथा सैकड़ों मेहमान बिना खाना खाए लौट गए, जिससे परिवार को सामाजिक अपमान झेलना पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही एएसआई ओमप्रकाश यादव पुलिस बल के साथ पहुंचे, लेकिन पुलिस देख आरोपी फरार हो गये। थाना प्रभारी चंदन कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़ित का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



