बागपत
“विद्या जीवन व्यवहार में दिखाई देनी आवश्यक” — रवि शास्त्री

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। आर्य प्रतिनिधि सभा बागपत के तत्वावधान में जून माह में आयोजित होने वाले आवासीय संस्कार शिविर की तैयारियों को लेकर जनसंपर्क अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शांति देवी कन्या इंटर कॉलेज, फजलपुर सुंदर नगर में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सभा के मंत्री रवि शास्त्री ने छात्राओं को संबोधित करते हुए शिक्षा के वास्तविक उद्देश्य पर गहन प्रकाश डाला।
अपने ओजस्वी उद्बोधन में उन्होंने कहा कि “केवल डिग्री प्राप्त करना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उस विद्या का प्रभाव हमारे जीवन व्यवहार में स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए। यदि आपकी पढ़ाई-लिखाई के बावजूद आपके आचरण से किसी को दुःख पहुँचता है, तो समझ लीजिए कि आपकी डिग्री का मूल्य मात्र एक कागज़ के टुकड़े के समान रह जाता है।”
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है, जब वह मानवता की सेवा में प्रयुक्त हो। “ऊँची-ऊँची डिग्रियाँ लेकर यदि हम दूसरों के दुःख दूर करते हैं, समाज में सुख और सहयोग का वातावरण बनाते हैं, तभी हमारी विद्या मूल्यवान बनती है। अन्यथा वह केवल दिखावे तक सीमित रह जाती है।”
रवि शास्त्री ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पढ़ाई को केवल नौकरी या धन कमाने का माध्यम न समझें, बल्कि उसे अपने व्यक्तित्व निर्माण और समाज सेवा का आधार बनाएं। “मेहनत केवल डिग्री लेने तक सीमित न रहे, बल्कि आपके कार्यों से समाज को लाभ मिले, लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आए—यही सच्ची शिक्षा है। शिक्षा का उद्देश्य मानव कल्याण और एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण होना चाहिए।”
संस्कार शिविर के संदर्भ में उन्होंने बताया कि यह शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए एक उत्कृष्ट मंच है, जहाँ उन्हें नैतिक शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और जीवन मूल्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस शिविर में अधिकाधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विद्यालयों में जनसंपर्क किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से रामहेर सिंह पब्लिक स्कूल बुढेड़ा, श्री नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज बुढेड़ा, ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल बिचपड़ी, अभिषेक कटारिया मेमोरियल इंटर कॉलेज नगला बिजवाड़ा, ओमेगा वर्ल्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल तितरौड़ा, आर्य विद्यालय इंटर कॉलेज टेड़ा तथा गुरुकुल ग्वालीखेड़ा शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार एवं प्रबुद्धजन भी उपस्थित रहे, जिनमें प्रधानाचार्या सपना शर्मा, प्रधानाचार्य कृष्णपाल सिंह, प्रबंधक शिवकुमार फौजी, डॉ. केपी सिंह, प्रबंधक नरेश आर्य, प्रधानाचार्य दीपक कटारिया, अनुज दीक्षित, अरुण मलिक, तनु आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।



