बेतुल
बैतूल जो हुनर आपने सीखा है, वो अब विकसित भारत अभियान में लगाएं: महेन्द्र सिंह चौहान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बैतूल भीमपुर। दीक्षांत समारोह प्रत्येक शैक्षणिक चक्र के पूरा होने पर आयोजित होता है। जिसमें तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जुड़े युवाओं के लिए भी कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित किए जाते हैं। शासकीय आईटीआई भीमपुर, में 5वां कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल उइके, प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुनील अडलक के आतिथ्य में और संस्थान के प्राचार्य विजय साद की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस मौके पर विधायक महेंद्र सिंह चौहान ने विद्यार्थियों से कहा कि आज अपने जीवन का एक अहम पड़ाव पार किया है। अब आप राष्ट निर्माण की प्रक्रिया से सीधे जुडऩे वाले हैं। जो हुनर आपने सीखा है, वो अब विकसित भारत अभियान में लगाएं। सुनील अडलक ने विद्यार्थियों को कौशल विकास, अनुशासन, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। प्राचार्य विजय साद ने संस्थान की उपलब्धियों एवं प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होने कहा कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है। समारोह के दौरान प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अतिथियों ने विद्यार्थियों को अपने अर्जित कौशल का उपयोग कर समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षण अधिकारी अमित जावरे ने व आभार प्रशिक्षण अधीक्षक गोविंदा पंवार ने व्यक्त किया गया। इस अवसर पर संस्था के लिपिक सतीश भैसवारे, प्रशिक्षण अधिकारी देवेंद्र बैगा सहित प्रवक्ता सुनील चडोकर, अमित जावरे, पारसनाथ डोंगरे, उमेश नागरे, मनीषा बारमेटे, पुष्पा कुमरे एवं संध्या मैम सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्यजन, कर्मचारी एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।



