मेरठ

एमआईटी में हर्बल-फार्मा उद्यमिता विकास कार्यक्रम सम्पन्न

विशेषज्ञों ने साझा किए नवाचार और स्टार्टअप अवसर, छात्रों को मिला प्रोत्साहन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

मेरठ : मेरठ उद्यमी फाउंडेशन ने फार्मेसी विभाग, मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) के सहयोग से दो दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम “हर्बल-फार्मा समन्वय: खेत से फॉर्मुलेशन तक नवाचार और उद्यमिता में तेजी” का सफल आयोजन किया।

उद्घाटन सत्र में डीपीएमआईटी प्राचार्य डॉ. नीरज कांत शर्मा ने स्वागत व कार्यक्रम परिचय दिया। निदेशक डॉ. के. एल. ए. खान ने विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता के लिए प्रेरित किया, जबकि मेरठ उद्यमी फाउंडेशन की सीईओ डॉ. मधुरी गुप्ता ने संस्थान की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया।

तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञ वक्ताओं ने हर्बल व फार्मा क्षेत्र में नवाचार की संभावनाओं पर अपने विचार रखे। पहले दिन डॉ. आशीष थोम्बरे ने “फार्मा और हर्बल क्षेत्र में नवाचार एवं स्टार्टअप अवसर” विषय पर व्याख्यान देते हुए दस प्रमुख सेक्टरों में संभावनाओं को रेखांकित किया। इसके बाद डॉ. अनुज पाठक ने “नवोन्मेषी कॉस्मेटिक उत्पाद का वाणिज्यीकरण” विषय पर प्रस्तुति दी। दूसरे दिन डॉ. आलोक शर्मा ने “प्रयोगशाला से वाणिज्यीकरण तक उद्यमिता” पर प्रेरक व्याख्यान दिया, वहीं उद्यमी सुश्री उर्वशी भारद्वाज ने अपना अनुभव साझा कर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम का संचालन अंशिका शर्मा और सुश्री ऋतु ने किया। आयोजन सचिव डॉ. अमरेंद्र प्रताप यादव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। लगभग 290 विद्यार्थियों और फार्मेसी विभाग के संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को भविष्य में सफल उद्यमिता के लिए आवश्यक प्रेरणा और आत्मविश्वास प्रदान किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button