
गुरु पूर्णिमा पर जनप्रतिनिधिगणों एवं अधिकारियों द्वारा जिले में गुरुजनों का किया सम्मान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर आज गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर जिले में धर्मगुरुओं, महंतों और पुजारियों का सम्मान किया गया। इसी कड़ी में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने श्री देवनाथ जी महाराज, संत श्री फूलनाथ जी महाराज, संत श्री बेअंत नाथ जी महाराज, संत श्री रुपनाथ जी महाराज, अट्टा मंदिर महंत श्री रामदास जी, श्री श्री 1008 श्री गंगागिरी जी आश्रम, संत श्री प्रेमनाथ जी महाराज, संत श्री गंगा दास वेदांती महाराज का सम्मान राशि, श्रीफल, शॉल, मिठाई एवं गुरुवंदन संदेश भेंट कर सम्मान किया एवं गुरुजनों के चरण वंदन कर उनका आशीर्वाद भी लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा संत समाज को भेजे गए बधाई संदेश को भी पढ़कर सुनाया। इस दौरान वन मंत्री श्री शर्मा ने अंधेरी स्थित श्री गंगागिरी महाराज के आश्रम में पौधारोपण कर पर्यावरण का संदेश दिया।
वन राज्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि व्यक्ति के जीवन में गुरु का महत्वपूर्ण स्थान होता है। उन्होंने कहा कि गुरू का सम्मान करना हमारी सनातन परम्परा का हिस्सा है। गुरु ही वह मार्गदर्शक होते हैं जो हमें अज्ञानता के अंधकार से बाहर निकालकर सत्य के प्रकाश तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि संत न केवल समाज को आध्यात्मिक दिशा देते हैं, बल्कि नैतिक मूल्यों और संस्कृति के संरक्षण में भी महती भूमिका निभाते है।
इसी श्रृंखला में जिले में जनप्रतिनिधिगणों एवं अधिकारियों द्वारा धर्मगुरुओं, महंतों और पुजारियों का सम्मान किया गया, जिसमें मालाखेड़ा उपखंड में महावीर गिरी एवं बाबूलाल योगी, थानागाजी उपखंड में वैजनाथ एवं पूर्णनाथ, राजगढ़ उपखंड में घनश्यामदास महाराज एवं गोपालदास महाराज, कठूमर उपखंड में श्यामदास महाराज एवं विजय दास, रामगढ़ उपखंड में ब्राहामुनि एवं नंदलाल तथा रैणी उपखंड में श्री बाबा काली कमली वाले महाराज का सम्मान राशि, श्रीफल, शॉल, मिठाई एवं गुरुवंदन संदेश भेंट किया गया।




