शादी में आए युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद, हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

बैंगलौर से मां के साथ मामा की शादी में शामिल होने आए युवक की ईंट से कूंच-कूंच कर निर्मम हत्या कर दी गई। युवक का क्षत-विक्षत शव गांव से लगभग 600 मीटर दूर अमरूद के बाग में बने खंडहर में पड़ा मिला। शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर टीम के साथ पहुंचे कोतवाल देहात ने फॉरेंसिक टीम के साथ छानबीन की। गांव के ही दो किशोरों पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। कोतवाली देहात के ग्राम पंचायत नगरौर निवासी शादाब (19) बीते आठ वर्षों से परिवार के साथ बैंगलोर में रहते हैं। 16 जून को उनके मामा मुन्ना का निकाह था, जिसमें शामिल होने के लिए बीते दिनों वह मां रेशमा के साथ गांव वापस आया था। निकाह संपन्न होने के बाद शादाब मां रेशमा के साथ वापस बैंगलोर लौटने ही वाला था कि 20 जून को अचानक लापता हो गया। शादाब के लापता होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मां रेशमा ने कोतवाली देहात में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज करवाई और खुद भाईयों के साथ खोजबीन शुरू की। इस दौरान शादाब का शव नगरौर से लगभग 600 मीटर पूरब स्थित अमरूद की बाग में क्षत-विक्षत अवस्था में पाया गया। शादाब का सिर ईंट से कूंचा गया था और पास में ही दो ईंट भी पड़ी थी। शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और सैकड़ो ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।



