युवाओं को मिलेगा राष्ट्र निर्माण में योगदान का सुनहरा अवसर
Youth will get a golden opportunity to contribute in nation building
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहिबगंज युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पहल माय भारत के अंतर्गत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) – 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नेतृत्व, विचार-विमर्श एवं राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से जोड़ना है। माय भारत, साहिबगंज के जिला कार्यक्रम सहायक पदाधिकारी अनिल कुमार ने जानकारी दी कि इस संवाद का मुख्य लक्ष्य युवाओं को विकसित भारत के विज़न से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यह अवसर युवाओं के लिए अपनी सोच, ऊर्जा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का एक बेहतरीन मंच है। कार्यक्रम की शुरुआत माय भारत क्विज़ से होगी, जो12भाषाओं में आयोजित की जाएगी। क्विज़ में 20 प्रश्न होंगे, जिनके उत्तर देने के लिए प्रतिभागियों को 10 मिनट का समय दिया जाएगा। इसमें भाग लेने हेतु कोई शुल्क नहीं लगेगा। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में भाग लेने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है। इस चरण के 10,000 विजेताओं को माय भारत की ओर से विशेष उपहार प्रदान किए जाएंगे। चयनित प्रतिभागियों को अगले चरण में निबंध लेखन, प्रस्तुति और संवाद सत्र में भाग लेने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक युवा mybharat.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। अंत में अनिल कुमार ने जिले के सभी युवाओं से अपील की है कि वे इस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लें और विकसित भारत के निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाएं



