सिंगरौली

जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में जांच व्यवस्था प्रभावित, किट और रिएजेंट की कमी से मरीज परेशान

सिविल सर्जन ने एनएचएम मिशन संचालक और निजी एजेंसी को लिखा पत्र, दो-तीन माह से बनी हुई हैं समस्याएं; सीएम हेल्पलाइन पर बढ़ीं शिकायतें

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली (वैढ़न)। जिला चिकित्सालय की केंद्रीय पैथोलॉजी प्रयोगशाला (आईपीएचएल) में संसाधनों की कमी और जांच व्यवस्था में आ रही बाधाओं को लेकर सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. कल्पना रवि ने वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने 17 नवंबर को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), मध्य प्रदेश की मिशन संचालक और लैब का संचालन कर रही निजी एजेंसी साइंस हाउस पीओसीटी प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध संचालक को पत्र भेजकर व्यवस्थाओं में सुधार कराने का अनुरोध किया है।
पत्र में बताया गया है कि पिछले दो से तीन महीनों से प्रयोगशाला में आवश्यक रिएजेंट्स, किट्स और उपकरणों की कमी के कारण नियमित जांच कार्य प्रभावित हो रहा है। इसके चलते मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट नहीं मिल पा रही है। रिपोर्ट मिलने में देरी और अव्यवस्थाओं से परेशान मरीजों एवं उनके परिजनों द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर लगातार शिकायतें दर्ज कराई जा रही हैं।
कई महत्वपूर्ण जांचों के लिए किट उपलब्ध नहीं
सिविल सर्जन ने पत्र में पीटी-आईएनआर, एचडीएल, सीआरपी, एएलपी, बिलिरुबिन, लाइपेज, एचबीए1सी और एचपीएलसी जैसी महत्वपूर्ण जांचों के लिए रिएजेंट्स एवं किट्स की नियमित आपूर्ति नहीं होने का उल्लेख किया है। जांच परिणामों की विश्वसनीयता को लेकर अस्पताल के चिकित्सकों ने भी आपत्ति जताई है।
नई मशीनों का इंस्टॉलेशन भी अधूरा
पत्र के अनुसार, नई बायोकेमिस्ट्री और एचपीएलसी मशीनों का इंस्टॉलेशन अब तक नहीं हो पाया है। वहीं पुरानी डी-10 एचपीएलसी मशीन के संचालन के लिए भी रिएजेंट्स उपलब्ध नहीं हैं। इसके अलावा प्रयोगशाला में नया आरओ वॉटर सिस्टम नहीं लगाया गया है। दो पुराने कंप्यूटर सिस्टम बदले जाने बाकी हैं और जांच रिपोर्ट प्रिंट करने के लिए आवश्यक पेपर की भी कमी बनी हुई है।
मरीजों की परेशानी को देखते हुए मांगा हस्तक्षेप
सिविल सर्जन ने इन समस्याओं को मरीजों के उपचार और शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के लिहाज से गंभीर बताया है। उन्होंने एनएचएम के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर निजी एजेंसी की कार्यप्रणाली की समीक्षा कराने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराते हुए व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार कराने का अनुरोध किया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button