गाजियाबाद
गाजियाबाद: अंकुर विहार पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी का किया खुलासा, तीन गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना अंकुर विहार पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशीले पदार्थ एलप्राजोलम पाउडर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 360 ग्राम अवैध नशीला एलप्राजोलम पाउडर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 21 दिसंबर 2025 को की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शबनम (57 वर्ष), आसमा (35 वर्ष) और गुल बहार उर्फ गुल्लो (25 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी थाना अंकुर विहार क्षेत्र के डाबर तालाब इलाके के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने चेकिंग के दौरान संदिग्धों को रोककर तलाशी ली, जिसमें नशीला पाउडर बरामद हुआ।
पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली से चोरी-छिपे अवैध नशीला एलप्राजोलम पाउडर खरीदकर उसकी पुड़िया बनाकर राह चलते लोगों को बेचते थे और इससे मुनाफा कमाते थे।
बरामदगी के आधार पर थाना अंकुर विहार में अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, झगड़ा एवं एनडीपीएस एक्ट से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। इस पूरी कार्यवाही को थाना अंकुर विहार पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर अंजाम दिया।
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


