पिंडारी दुर्गा मंदिर में पूजा को लेकर बैठक, विधायक ने दिया सहयोग का आश्वासन
Meeting regarding worship at Pindari Durga temple, MLA assured cooperation

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। कर्माटांड़ प्रखण्ड क्षेत्र अन्तर्गत पिंडारी गांव स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में रविवार को दुर्गा पूजा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सारठ विधायक उदय शंकर सिंह शामिल हुए। विधायक ने समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों से मुलाकात कर दुर्गा पूजा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में इस वर्ष के दुर्गा पूजा एवं मेले को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। खासतौर पर सुरक्षा व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर समिति ने कई अहम निर्णय लिए। बताया गया कि इस बार मेले के दौरान पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पर पूरी निगरानी रखी जा सके। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दिन साउंड सिस्टम को बेहतर और शक्तिशाली बनाया जाएगा, वहीं लाइटिंग व्यवस्था में भी बढ़ोतरी की जाएगी, ताकि श्रद्धालु एवं ग्रामीणों को बेहतर माहौल मिले। इस अवसर पर पूजा समिति का गठन भी किया गया। इसमें अध्यक्ष के रूप में तुषार कुमार सिंह, उपाध्यक्ष अजय कुमार राय, सचिव पप्पू रवानी, कोषाध्यक्ष मुकेश रवानी तथा मीडिया प्रभारी कपिल देव दास को चुना गया। समिति के गठन के बाद सभी पदाधिकारियों ने आपसी सहयोग एवं एकजुटता के साथ पूजा और मेले को सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक में विधायक उदय शंकर सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था और विश्वास का पर्व है। इसे पूरे समाज की भागीदारी से मनाना चाहिए। उन्होंने समिति को सभी प्रकार की सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। इनमें मुख्य रूप से बिनोद रजक, सुजीत दास, लालमोहन सिंह, रोहित रवानी, भोला साव, सनोज साह सहित कई लोग शामिल हुए। ग्रामीणों ने भी पूजा आयोजन को लेकर उत्साह जताया और सक्रिय सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
इस बैठक के बाद पूरे क्षेत्र में दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल देखा जा रहा है। श्रद्धालु अब भव्य और आकर्षक आयोजन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।


