ललितपुर
विकास कार्यों का थमा पहिया बारिश से कीचड़ में तब्दील हुयीं कच्ची सड़कें
जुगपुरा, नेहरूनगर में सबसे अधिक खराब हालात

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। बीते रविवार की देर शाम से शुरू हुयी बारिश के बाद सड़कें कीचड़ में तब्दील हो गयी हैं। लोगों को नारकीय जीवन की ओर धकेलने का कार्य भी जानबूझकर किया जा रहा है। महीनों तक सफाई न होने मिट्टी से भरी पड़ी नालियों के कारण कच्ची सड़कों पर बहता पानी लोगों की मुसीबत बना हुआ है। लोगों को आवागमन में, बच्चों को स्कूल जाने और महिलाओं को भी कीचड़ युक्त सड़क से निकलने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन से जनहित में इस ओर ध्यान दिये जाने की गुहार लगायी है। सबसे अधिक खराब हालात शहर क्षेेत्र के मोहल्ला जुगपुरा, नेहरू नगर में है, यहां सड़कें नगर पालिका बोर्ड में पास तो हो चुकी हैं, लेकिन टेण्डर न होने के चलते काम शुरू नहीं हो पा रहा है।
शहर भर में टूटी पड़ी नालियों के कारण
बारिश होने के बाद सोशल मीडिया पर अधिकांश तस्वीरें ऐसी भी वायरल हुयी हैं, जिनमें टूटी और गन्दगी से भरी पड़ी नालियों के कारण सड़क पर गन्दा पानी बह रहा है, जिससे संक्रामक रोगों के फैलने की संभावनाएं सर्वाधिक बलवती हो रहीं हैं। ऐसी स्थिति में नालियों को सही कराये जाने और गन्दगी को साफ कराये जाने की लोगों ने मांग उठायी है।
सफाई करने नहीं आते नगर पालिका के कर्मचारी
वार्ड नं. आठ जुगपुरा में कई गलियां ऐसी हैं, जहां महीनों तक कोई सफाई कर्मी आते ही नहीं हैं। वहीं कचरा गाड़ी भी इस गली में नहीं आती, जिस कारण लोग अपने घरों का सारा कचरा खुले प्लाटों पर फेंकने को विवश हैं। नाली न होने से जल निकासी नहीं होने के कारण लोगों को भारी परेशानियां उठानी पड़ रहीं हैं। इस मामले में जब सम्बन्धितों से वार्ता की गयी तो उन्होंने जल्द ही समस्या निस्तारण का आश्वासन दिया, लेकिन कार्यवाही अभी तक नहीं हो सकी है।



