असम के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अशोक सिंहल ने किया दरंग जिला अस्पताल सहित तीन अस्पतालों का निरीक्षण ।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री अशोक सिंहल ने आज राज्य के दरंग जिले के तीन अस्पतालों का दौरा किया। मंत्री ने सुबह सबसे पहले सिपाझार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने फार्मेसी, प्रयोगशाला, प्रसूति गृह आदि का जायजा लिया और विभिन्न विभागों में भर्ती मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति का अवलोकन किया। इस अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद मंत्री एक बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में सिपाझार विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. परमानंद राजवंशी, असम सरकार के मछली विकास निगम के अध्यक्ष गुरूर्ज्योति दास, राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान असम के कार्यकारी निदेशक डॉ. मनोज कुमार चौधरी, जिला आयुक्त पराग कुमार काकती, संयुक्त स्वास्थ्य सेवा संचालक डॉ. दीप्ति बरुआ, सिपाझार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उप अधीक्षक डॉ. दुर्गेश्वर शर्मा तथा स्वास्थ्य विभाग के राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। इसके बाद मंत्री ने पाथरिघाट ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया। वहां एक बैठक के दौरान उन्होंने स्वास्थ्यवान असम कार्यक्रम के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने का आवाहन किया, ताकि लोग बीमारियों से दूर रह सकें। असम सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री ने आज मंगलदई असैनिक अस्पताल का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मरीजों की संख्या पर ध्यान देते हुए अत्याधुनिक एप के माध्यम से रोगियों के पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराने को संयुक्त स्वास्थ्य सेवा संचालक से कहा। अस्पताल के निरीक्षण से पहले मंत्री एक बैठक में शामिल हुए, जिसमें मंगलदुई असैनिक अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. उत्पल बरुआ ने अस्पताल की कई अंतःसंबंधी समस्याओं से अवगत कराया। उल्लेखनीय है कि जिले के अस्पतालों के निरीक्षण के समय मंगलदुई विधानसभा क्षेत्र के विधायक बसंत दास, सिपाझार विधायक डॉ. परमानंद राजवंशी, असम राज्य मछली विकास निगम के अध्यक्ष गुरूर्ज्योति दास, राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान असम के कार्यकारी निदेशक डॉ. मनोज कुमार चौधरी, जिला आयुक्त पराग कुमार काकती, संयुक्त स्वास्थ्य सेवा संचालक डॉ. दीप्ति बरुआ, राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान दरंग जिला योजना प्रबंधक नयना पराशर उपस्थित थे। मंगलदई असैनिक अस्पताल में मंत्री ने एक वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया।



