मथुरा
सूरीर के गांव में आकाशीय बिजली से गिरने से महिला की मृत्यु

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। सुरीर के गांव नगला जगरूपा में एक मकान पर बिजली गिरने से महिला की मृत्यु हो गई। वह वर्षा में भीगने से बचाने के लिए चूल्हा ढंकने को छत पर गईं थीं। बिजली की धमक से झीना और मुंडेर की ईंटें उखड़ कर गिर गईं और इंवर्टर समेत विद्युत उपकरण फुंक गए। जिसे देख स्वजन समेत ग्रामीण दहशत में आ गए। मौसम का मिजाज बदलने के साथ आसमान में बादल छा गए और गरज-चमक के साथ वर्षा होने लगी। जिसे देख सुरेशचंद्र की पत्नी मीरादेवी घर की छत पर खुले में रखे चूल्हे को भीगने से बचाने के लिए ढंकने गई थीं। तभी तेज आवाज के साथ उनके मकान पर बिजली गिर पड़ी। बिजली की तीव्रता इतनी भीषण थी कि चपेट में आने से महिला मीरा देवी की मौके पर मृत्यु हो गई। बिजली गिरने से उनके घर की मुंडेर और झीना की ईंटें उखड़ कर बिखर गईं। इंवर्टर समेत घर के अंदर रखे विद्युत उपकरण धू-धू कर फुंक गए। जिसे देख स्वजन दहशत में आ गए। स्वजन ने घर की छत पर जाकर देखा तो बिजली की चपेट में आने से मीरा देवी झुलसी पड़ी थी। स्वजन नजदीक हास्पिटल ले गए लेकिन डाक्टरों ने उन्हें मृत्यु घोषित कर दिया। इसके बाद स्वजन ने महिला के शव को थाने पर ले जाकर पुलिस को उनकी बिजली से मृत्यु होने की जानकारी दी। सूचना पर नायब तहसीलदार राकेश कुमार शर्मा पहुंच गए। पंचनामा भरवाकर महिला के शव को पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। नायब तहसीलदार ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया है। इसके बाद नायब तहसीलदार राकेश शर्मा ने गांव नगला जगरूपा में जाकर आकाशीय बिजली गिरने से हुए नुकसान का निरीक्षण किया। गांव नगला जगरूपा में मंगलवार सुबह करीब आठ बजे तेज आवाज के साथ गिरी आकाशीय बिजली से ग्रामीणों की रूह कांप गई। आकाशीय बिजली से सुरेशचंद्र के अलावा आसपास दर्जनों घरों में इंवर्टर समेत विद्युत उपकरण फुंक गए। गोवर्धन वार्ष्णेय का कहना है कि वह सुबह अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी आकाशीय बिजली गिरने की आवाज इतनी तेज थी मानो कोई बम फटा हो। वह दहशत में आकर कुर्सी से नीचे गिर पड़े और बाहर खड़े लोग भी डर कर दुकान में घुस गए।



