खैरथल

जिले में ग्राम उत्थान शिविरों में लाभार्थियों को सौंपे गए सहायता चेक व आवास की चाबियां

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
खैरथल-तिजारा। शनिवार को जिले के समस्त उपखंड अधिकारियों एवं तहसीलदारों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित ग्राम उत्थान शिविरों का निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर द्वारा माछरोली आईएलआर सर्किल में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं उपखंड अधिकारियों ने शिविर में उपस्थित अधिकारियों से विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपकर उन्हें गृह प्रवेश का लाभ दिलाया।
इस अवसर पर कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने हेतु सरकार द्वारा कल्टीवेटर खरीदने के लिए 10,000 रुपये की सहायता राशि का चेक लाभार्थी कृषक को प्रदान किया गया। साथ ही खेतों में सिंचाई सुविधा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पाइपलाइन दबवाने हेतु 18,000 रुपये की सहायता राशि का चेक भी लाभार्थी को सौंपा गया। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों की चाबी निरीक्षण के दौरान शिविर में लाभार्थी को सौंपी। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने बताया कि ग्राम उत्थान शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर 12 विभागों की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। इनमें आवास, कृषि, पशुपालन, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, सहकारिता, उद्यानकी, कृषि विपणन, सामाजिक कल्याण, उद्योग एवं अन्य विभागों की सेवाएं शामिल हैं। शिविरों में मौके पर ही आवेदन स्वीकार कर त्वरित निस्तारण किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जाए तथा शिविरों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम उत्थान शिविर सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण विकास, आत्मनिर्भरता और सेवा-सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button