अमरोहा
अमरोहा में सांप्रदायिक हिंसा का मामला
AIMIM ने पीड़ित परिवार को 50 लाख मुआवजे, आरोपियों पर NSA की मांग की

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के दौलतपुर सराय गांव में 18 जून को दो समुदायों के बीच हुई हिंसा के मामले में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने कार्रवाई की मांग की है।
AIMIM के जिलाध्यक्ष एडवोकेट साजिद अली चौधरी के नेतृत्व में 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि एक मामूली दुर्घटना के बाद दूसरे समुदाय के लोगों ने विशेष समुदाय के घरों और दुकानों को आग लगा दी।
AIMIM ने पीड़ित परिवारों को 50 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही दोषियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाने की भी मांग की गई है। प्रतिनिधिमंडल ने इलाके में शांति व्यवस्था बहाल करने और पीड़ित परिवारों को सुरक्षा मुहैया कराने की अपील की है।
पुलिस ने इस मामले में 16 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।



